नई दिल्ली, June 10, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बदलाव की चर्चा जोरों पर है। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों ने क्षेत्रीय क्षत्रपों की ताकत के जिस सबसे मजबूत किले को ढहाया है, उसके बाद अब कांग्रेस से टूटकर बनी पार्टियों के विलय और पुराने दिग्गजों की घर वापसी के प्लान पर शीर्ष स्तर पर बेहद रणनीतिक तरीके से काम शुरू हो चुका है। इसी बीच TMC प्रमुख ममता बनर्जी को कांग्रेस की सुप्रीम लीडर सोनिया गांधी की ओर से एक ऑफर मिला है।
सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को टीएमसी के कांग्रेस में विलय का ऑफर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोनिया गांधी ने ममता से कहा है कि वे टीएमसी का विलय कर दें, इसके बदले में उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी पार्टी महासचिव का पद दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को यह प्रस्ताव दिया कि TMC पर भाजपा के बढ़ते राजनीतिक हमले को देखते हुए उन्हें अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में कर लेना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार BJP उन्हें परेशान कर रही है, वैसे ही TMC को भी करेगी। साथ ही, उनकी पार्टी के अंदरूनी लोग भी अभिषेक बनर्जी के खिलाफ हैं, इसलिए उनके लिए हालात मुश्किल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी के इस प्रस्ताव को लेकर ममता बनर्जी ने फैसला करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा है।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी के बीच इस विषय को लेकर बुधवार को मुलाकात भी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी के बीच 10 जनपथ पर हुई यह मुलाकात करीब डेढ़ घंटे तक चली। इसके साथ ही यह दावा किया जा रहा है कि दोनों के बीच हुई बैठक सफल रही है।
सोनिया गांधी के ममता बनर्जी को दिए गए ऑफर के बीच कांग्रेस ने बड़ी बैठक बुलाई है। के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि 11 जून को इंदिरा भवन में AICC महासचिव, प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। वहीं, आने वाले दिनों में देश में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।