पटना, June 10, (Political Insight) : बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए जून माह की पेंशन राशि जारी कर दी है। राज्य के लाखों बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभार्थियों के बैंक खातों में बुधवार को 1100 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। सरकार ने पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दी थी, जिसका लाभ अब नियमित रूप से लाभार्थियों को मिल रहा है।
पेंशन राशि वितरण को लेकर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई।
ऐसे करें पेंशन स्टेटस चेक
लाभार्थी यह आसानी से पता कर सकते हैं कि उनके खाते में पेंशन की राशि पहुंची है या नहीं। इसके लिए उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रबंधन सूचना प्रणाली (SSPMIS) के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वहां Elabharti Beneficiary Status विकल्प पर क्लिक कर वर्तमान वित्तीय वर्ष का चयन करें और अपनी बेनेफिशियरी आईडी दर्ज करें। इसके बाद खाते में जमा हुई पेंशन राशि और भुगतान का पूरा विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा।
पेंशन योजना के लिए ऐसे करें आवेदन
जो पात्र नागरिक अभी तक किसी पेंशन योजना से नहीं जुड़े हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए SSPMIS पोर्टल पर जाकर MVPY के लिए पंजीकरण करें विकल्प चुनना होगा। आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरने के बाद आधार सत्यापन करना होगा। इसके साथ जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल कॉपी अपलोड कर आवेदन जमा किया जा सकता है।
इन योजनाओं का मिलता है लाभ
राज्य में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बिहार निशक्तता पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।