नई दिल्ली, May 7, (Political Insight) : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल हुए आतंकी हमले में आतंकवादियों ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया था। इस घटना के बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ते हुए आतंकियों के ठिकानों पर कड़ी कार्रवाई की। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकवादी कैंपों को ध्वस्त कर आतंक के नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाया था।
7 मई 2025 को शुरू हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आज एक वर्ष पूरा हो गया है। ऑपरेशन की पहली वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई। सरकार और नेताओं की इस पहल को भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और आतंकवाद के खिलाफ देश के अटूट संकल्प के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
India’s resolute response calibrated and precise.
Committed to safeguarding sovereignty and its people.#JusticeServedJai Hind. pic.twitter.com/fegLXxMJjm
— ADG PI – INDIAN ARMY (@adgpi) May 7, 2026
वहीं, ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना ने एक विशेष वीडियो जारी कर दुनिया को कड़ा संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करता। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है।
पहलगाम में हुए हमले के बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के कई आतंकवादी शिविरों पर कार्रवाई की थी। जिसमें भारतीय सुरक्षाबलों ने बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का मुख्यालय, मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा, सियालकोट के महमूना जोया, मुजफ्फराबाद के सवाई नाला और सैयदना बिलाल, कोटली के गुलपुर और अब्बास तथा भीमबर के बरनाला और सरजल में मौजूद आतंकवादी ढांचे शामिल थे।