पश्चिम बंगाल, May 5, (Political Insight): विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी प्रमुख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाया। सोमवार को हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से पीछे चल रही थीं, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने बढ़त बना ली। हालांकि शाम तक स्थिति फिर बदली और अंततः वे यह सीट नहीं बचा सकीं। पश्चिम बंगाल में 293 सीटों में 292 विधानसभा सीटों के नतीजे आ गए हैं । इनमें से 206 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। वहीं 80 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को जीत मिली है।
अपने गढ़ में हार
भवानीपुर जिसे राज्य की सबसे चर्चित सीटों में गिना जाता है, वहां विपक्ष के नेता और भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने 15,105 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए। उल्लेखनीय है कि 2011 के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर 1,956 वोटों से हराया था।
भाजपा पर आरोप
नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने 100 से अधिक सीटों पर धांधली की है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग अब “बीजेपी आयोग” बन गया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में समय-समय पर शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चुनाव परिणामों के संभावित कारण
राजनीतिक विश्लेषण में भाजपा की जीत के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। इनमें राज्य में घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना, केंद्र और राज्य के बीच टकराव की राजनीति को चुनावी मुद्दा बनाना, तथा विकास, उद्योग और रोजगार के वादों को प्रमुखता देना शामिल है।
वहीं तृणमूल कांग्रेस की हार के पीछे सत्ता विरोधी रुझान, विभिन्न घोटालों को लेकर जनता की नाराजगी, और स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार व “कट मनी” जैसे आरोपों को भी अहम कारणों के रूप में देखा जा रहा है।
तृणमूल की हार के प्रमुख कारण?
- 15 साल की ममता सरकार के विरुद्ध सत्ता विरोधी लहर
- ममता सरकार के शासन में हुए शिक्षा, राशन, नगरपालिका घोटालों के प्रति जनारोष
- ममता बनर्जी का एसआइआर का विरोध
- बंगाल में व्याप्त सिंडिकेट राज, कट मनी की संस्कृति के प्रति जनाक्रोश