बिहार, May 7, (Political Insight) : बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज गुरुवार, 7 मई को होने जा रहा है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12:10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, करीब 30 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी कोटे से कई पुराने और अनुभवी नेताओं को फिर से मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। संभावित नामों में विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह और संजय सिंह टाइगर शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, पार्टी कुछ नए चेहरों को भी मौका दे सकती है।
जेडीयू की ओर से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह और मदन सहनी जैसे पुराने नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा रत्नेश सदा, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा और दामोदर रावत को भी मंत्री पद मिल सकता है। वहीं, जीतन राम मांझी की ‘हम’ पार्टी से संतोष सुमन और चिराग पासवान की पार्टी से संजय सिंह तथा संजय पासवान को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से दीपक प्रकाश का नाम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि एनडीए सरकार के इस मंत्रिमंडल विस्तार में संतुलन और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखा गया है। खास बात ये है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।