नई दिल्ली, June 4, (Political Insight) : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को दिल्ली में बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। सोशल मीडिया पर मजाक के रूप में शुरू हुई यह पार्टी अब जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की तैयारी में है। पार्टी NEET-UG और CBSE परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों तथा पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन करेगी।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारत लौटने की जानकारी दी है और समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। इससे पहले पार्टी ने सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका को आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया है। ये तीनों पार्टी की ओर से जनता और मीडिया के साथ संवाद करेंगे।
बुधवार को तीनों प्रवक्ताओं ने दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में पार्टी की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रवक्ताओं ने बताया कि CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे, जिसके बाद जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी जाएगी।
विजेता दहिया
कॉकरोच जनता पार्टी ने विजेता दहिया को अपना प्रवक्ता नियुक्त किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) से शिक्षा प्राप्त की है। वे राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्म निर्माता हैं। वर्तमान में वे मुम्बई में रहते हैं। विजेता दहिया प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी के लिए शोधकर्ता और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
सौरव दास
सौरव दास को भी पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है। नवंबर 2025 में इंडिया गेट पर आयोजित प्रदूषण विरोधी प्रदर्शनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही थी। पेशे से पत्रकार सौरव दास आरटीआई के माध्यम से जानकारी जुटाकर रिपोर्टिंग करते रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान आरोग्य सेतु ऐप के विकास और संचालन से जुड़ी जानकारियां आरटीआई और कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए सार्वजनिक करने के बाद वे चर्चा में आए थे।
आशुतोष रांका
CJP ने आशुतोष रांका को अपना तीसरा प्रवक्ता नियुक्त किया है। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर से बीटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स किया। वे वैश्विक परामर्श कंपनी मैकिंसे के साथ काम कर चुके हैं और पर्यावरण व शिक्षा से जुड़े अभियानों में सक्रिय रहे हैं। कंसल्टेंट, पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान है। आशुतोष रांका पिछले वर्ष लंदन से भारत लौटे थे और तब से जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा तथा युवाओं से जुड़े कई जनआंदोलनों का नेतृत्व कर रहे हैं। अब CJP ने उन्हें प्रवक्ता की नई जिम्मेदारी सौंपी है।