भारत को संदेश, पाकिस्तान का बचाव, तुर्की के विदेश मंत्री ने क्या कहा?

भारत को संदेश, पाकिस्तान का बचाव, तुर्की के विदेश मंत्री ने क्या कहा?

नई दिल्ली, June 4, (Political Insight) : ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में खड़े होकर तुर्की ने भारत के प्रति अपना विरोधी रुख दिखाया था। अब तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने पाकिस्तान के साथ अपने देश के करीबी संबंधों का बचाव करते हुए कहा है कि भारत को तुर्की-पाकिस्तान रिश्तों से नाराज नहीं होना चाहिए। सिंगापुर में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (IISS) के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारत-तुर्की संबंधों पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही।

फिदान ने कहा कि तुर्की अकेला ऐसा देश नहीं है जिसके पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध हैं। उनके मुताबिक, कुछ मुद्दों पर तुर्की ऐतिहासिक रूप से पाकिस्तान के साथ एकजुटता रखता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अन्य देशों के साथ उसके संबंध प्रभावित हों। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रूस, अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों के साथ भी कई विषयों पर मतभेद होते हैं, फिर भी सकारात्मक एजेंडे पर सहयोग जारी रहता है।

तुर्की के विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत और तुर्की के बीच भी इसी तरह के दृष्टिकोण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को मतभेदों को अलग रखते हुए साझा हितों और सहयोग के क्षेत्रों पर आगे बढ़ना चाहिए।

भारत के साथ संबंधों को लेकर फिदान ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि अंकारा नई दिल्ली के साथ बेहतर और मजबूत रिश्ते चाहता है। उन्होंने कहा, “भारत के साथ हमारी कोई साझा सीमा नहीं है, कोई गंभीर द्विपक्षीय विवाद नहीं है और न ही कोई नकारात्मक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। ऐसे में दोनों देशों के बीच अच्छे संबंध विकसित करने के पर्याप्त कारण मौजूद हैं।”

हालांकि, हाल के वर्षों में भारत और तुर्की के संबंधों में तनाव भी देखने को मिला है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का समर्थन किया था और भारतीय कार्रवाई को “बिना उकसावे के किया गया हमला” बताया था। तुर्की के इस रुख को भारत में आलोचना का सामना करना पड़ा।

इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में ठंडापन देखने को मिला। भारत ने अंकारा में आयोजित तुर्की के राष्ट्रीय दिवस समारोह में आधिकारिक स्तर पर दूरी बनाकर अपनी नाराजगी का संकेत भी दिया था। ऐसे माहौल में फिदान का यह बयान भारत-तुर्की संबंधों को सुधारने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- 

Related Posts

TMC का दावा- BJP समर्थकों ने किया हमला, अभिषेक ने की कार्रवाई की मांग

कोलकाता, June 4, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं पर कथित हमलों को लेकर पार्टी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा…

CJP का 6 जून को दिल्ली में प्रदर्शन, जानिए कौन हैं पार्टी के तीन नए प्रवक्ता

नई दिल्ली, June 4, (Political Insight) : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को दिल्ली में बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। सोशल मीडिया पर मजाक के रूप…