हरियाणा, June 4, (Political Insight) : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने BJP सरकार पर जनता की समस्याओं को बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के फैसले लेने के बजाय पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि BJP को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है और प्रदेश के संसाधनों की लूट में लगी हुई है।
इनेलो प्रमुख ने कहा कि हरियाणा की BJP सरकार लगातार जनहितों की अनदेखी कर रही है। अभय चौटाला ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, सरकार की नीतियां जनता के अधिकारों को कमजोर करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और राज्य के विकास को बाधित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील साबित हुई है।
अभय चौटाला ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि राज्य का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है और लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति भी नहीं मिल रही है।