पंजाब, May 21, (Political Insight) : NEET छात्रों के लिए पंजाब सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा कर जानकारी दी कि पंजाब सरकार 20 से 22 जून तक सभी NEET छात्रों के लिए बस सेवा मुफ्त करेगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई छात्रों ने उन्हें बताया था कि आर्थिक तंगी के कारण वे परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने यह फैसला लिया है, ताकि किसी भी छात्र की परीक्षा आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।
20 से 22 जून तक बस सेवा मुफ्त
वीडियो में केजरीवाल ने कहा, “बहुत सारे बच्चों ने मुझसे कहा कि उनके पास परीक्षा केंद्र तक जाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं होते। आज मैं पंजाब आया हूं और CM भगवंत मान जी से इस विषय पर बात की। इसके बाद फैसला लिया गया कि 20 से 22 जून तक सभी NEET छात्रों के लिए पंजाब रोडवेज की बस सेवा मुफ्त रहेगी।” वहीं, पंजाब के CM भगवंत मान ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान छात्रों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद वे मुफ्त बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
मन लगाकर करें तैयारी, अच्छे डॉक्टर बनेंगे
अरविंद केजरीवाल ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे किसी भी तरह का तनाव न लें और पूरी मेहनत से परीक्षा की तैयारी करें। उन्होंने कहा, “कुछ बच्चों ने लिखा कि उन्हें डिप्रेशन महसूस हो रहा है और मोटिवेशन नहीं मिल रहा। आप चिंता मत करो, पूरी लगन से तैयारी करो और अपना हौसला बुलंद रखो। आप सभी सफल होंगे और अच्छे डॉक्टर बनेंगे।”
बता दें कि NEET परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की गई और री-एग्जाम की तारीखें जारी की गईं। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी बीच अरविंद केजरीवाल ने छात्रों से उनकी समस्याएं साझा करने की अपील की थी।