नई दिल्ली, May 12, (Political Insight) : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET-2026 परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पेपर लीक की शिकायतों के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से NEET-2026 परीक्षा रद्द कर दी गई है। साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और इसे मोदी सरकार का तथाकथित “अमृतकाल” नहीं, बल्कि “विषकाल” बताया।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया है। उन्होंने कहा कि किसी पिता ने कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे और लाखों छात्रों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में संगठित भ्रष्टाचार मिला।
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ एक प्रशासनिक नाकामी नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ किया गया अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अब लाखों छात्रों को फिर से मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर छात्रों की तकदीर मेहनत के बजाय पैसे और पहुंच से तय होगी, तो शिक्षा व्यवस्था का क्या महत्व रह जाएगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का तथाकथित “अमृतकाल” अब देश के लिए “विषकाल” बन गया है।
NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी।
22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया।
किसी पिता ने कर्ज़ लिया,
किसी माँ ने गहने बेचे,
लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की,और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 12, 2026