पश्चिम बंगाल, May 6, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं, टीएमसी की हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया, “हम हारे नहीं, बल्कि वोट लूटकर हमें हराया गया।” अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ईवीएम में सीधे छेड़छाड़ करना मुश्किल है, लेकिन मशीनों को बदला गया। उनका दावा है कि मतगणना के दौरान ईवीएम के सीरियल नंबर जांचने पर वे मतदान में इस्तेमाल हुई मशीनों से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
काउंटिंग सेंटर हमारे एजेंटों को भगाया
अभिषेक बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि दोपहर 2 बजे के बाद टीएमसी के काउंटिंग एजेंटों को मारपीट कर काउंटिंग सेंटर से भगा दिया गया, जिसकी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी में मौजूद है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर 2 बजे तक 80–90 फीसदी मतगणना पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन उस समय तक केवल 2–3 राउंड की ही गिनती पूरी हो सकी थी, जबकि कई जगहों पर 20–24 राउंड की काउंटिंग बाकी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद कई काउंटिंग सेंटरों पर राज्य के कर्मचारियों की जगह केंद्र सरकार के कर्मचारी मौजूद थे, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
सीसीटीवी फुटेज जारी करने की चुनौती
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया, “टीएमसी और भारतीय जनता पार्टी के बीच 32 लाख वोटों का अंतर है। पहले करीब 30 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, फिर 7 लाख नाम जोड़े गए, जिससे 10–15 लाख वोटों में हेराफेरी हुई।” उन्होंने चुनाव आयोग को चुनौती देते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद के 6 घंटों की काउंटिंग सेंटर की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए। उनका कहना था कि अगर जनादेश पूरी तरह साफ है, तो फुटेज जारी करने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए—ऐसा होने पर टीएमसी परिणाम को स्वीकार कर लेगी।
अभिषेक बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि कई काउंटिंग एजेंटों को नोटिस देकर काउंटिंग प्रक्रिया से दूर रखा गया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पार्टी ने पूरे मामले की जांच के लिए एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी गठित की है।
हमें टॉर्चर किया जा रहा
टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘हमें टॉर्चर किया जा रहा है। तृणमूल के सभी सैनिक मजबूत रहें, पार्टी आपके साथ डटकर खड़ी है। 12 सदस्यों की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। तीन अलग टीमें गठित की गई हैं । जो उन इलाकों का दौरा करेगी जहां पार्टी दफ्तरों पर कब्जे या तोड़फोड़ की शिकायतें मिली हैं।