पश्चिम बंगाल, May 8, (Political Insight) : चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हवा लगातार गरमाती जा रही है। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद से ही बंगाल में लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को विमानन नियामक DGCA में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए इंडिगो की एक फ्लाइट में अपने साथ कथित दुर्व्यवहार और राजनीतिक नारेबाजी का आरोप लगाया। TMC सांसद के अनुसार, यह घटना उस समय हुई, जब वह संसदीय रक्षा समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं।
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए बताया कि, “आज मैं एक सरकारी काम से दिल्ली गई थी, जहां मुझे रक्षा मामलों की संसद की स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था। मैं 6E-719 फ्लाइट में सीट नंबर 1F पर बैठी थी। तभी 4-6 लोग एक ग्रुप में फ्लाइट में चढ़े। उन्होंने मुझे घूरा और फिर फ्लाइट के पिछले हिस्से में चले गए।” उनका आरोप है कि विमान के लैंड होने के बाद, दरवाजे खुलने से पहले कुछ लोगों ने उनके खिलाफ राजनीतिक नारे लगाने शुरू कर दिए।
TMC सांसद ने आगे कहा कि यह कोई “नागरिकों का गुस्सा” नहीं, बल्कि उत्पीड़न है और इससे फ्लाइट के अंदर उनकी सुरक्षा का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि कुछ लोग फ्लाइट के अंदर इस तरह की बदसलूकी करें और बच निकलें।
DGCA को भेजी गई शिकायत में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक आधार पर उन्हें अपमानित करने और डराने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने फ्लाइट के केबिन क्रू पर भी निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। महुआ मोइत्रा ने DGCA से मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इंडिगो की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।