पश्चिम बंगाल, May 7, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम से सामने आया है, जहां बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी और उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाते हुए फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के विरोध में बीजेपी समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उनके भाई दिव्येंदु अधिकारी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि, शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन राजनीतिक साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, टीएमसी ने सोशल मीडिया पर घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। राज्य के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से कारतूस बरामद किए गए हैं और संदिग्ध वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।