पंजाब, May 29 (Political Insight) : पंजाब में नगर निकाय चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य के मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट समेत आठ नगर निगमों के अलावा 102 नगर निकायों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के लिए 26 मई को मतदान हुआ था। यह चुनाव मतपत्रों के जरिए कराए गए, जिसमें कुल 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इन स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 7,554 उम्मीदवार मैदान में हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन चुनावों को राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों, आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक मतगणना केंद्र पर दो सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है, जो संबंधित जिले के सामान्य पर्यवेक्षक की निगरानी में काम करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना कक्ष में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
गौरतलब है कि चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। वहीं, इन नगर निकाय चुनावों को सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि पार्टी अगले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखना चाहती है।