नई दिल्ली, May 26, (Political Insight) : देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल के बाद अब CNG गैस के दामों में भी चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। CNG की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को “स्लो पॉइज़निंग” करार दिया।
“यह नरेंद्र मोदी की रणनीति”
कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने कल ही कहा था कि यह नरेंद्र मोदी की रणनीति है। यह एक तरह की स्लो पॉइज़निंग है, जो गरीबों को तबाह कर रही है।” खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार हर दिन थोड़ी-थोड़ी कीमतें बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह में तेल की कीमतें 10-12 रुपये तक बढ़ जाती हैं, तो इसका मतलब है कि सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है और देश को आर्थिक संकट की ओर धकेला जा रहा है।
“मोदी कहते हैं सब ठीक है, लेकिन लोग परेशान हैं”
मल्लिकार्जन खरगे ने कहा कि PM लगातार दावा करते हैं कि वे देश के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा, “आज आम लोग परेशान हैं। अगर महंगाई और बेरोजगारी इसी तरह बढ़ती रही, फैक्ट्रियां और MSMEs बंद होते रहे, तो देश का क्या होगा?”
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। खरगे ने कहा कि सरकार बनने के बाद से लगातार पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन PM विदेश दौरों में व्यस्त रहते हैं।
पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी महंगी
बता दें कि मई महीने में चौथी बार सीएनजी की कीमतों बढ़ोतरी हुई है, मंगलवार को CNG में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले सोमवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में भी इजाफा किया गया था। वहीं, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिसके चलते तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।