कूवत्तूर से सचिवालय तक… तमिलनाडु में TVK और AIADMK के बीच सियासी घमासान

कूवत्तूर से सचिवालय तक… तमिलनाडु में TVK और AIADMK के बीच सियासी घमासान

चेन्नई, May 26, (Political Insight) : तमिलनाडु की राजनीति में उथल-पुथल लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में विपक्षी दल AIADMK के कुछ विधायकों ने बगावत करते हुए सत्तारूढ़ TVK सरकार को समर्थन दिया। इसके बाद उन विधायकों ने TVK की सदस्यता भी ग्रहण कर ली। अब विधायकों के इस्तीफे और दल-बदल को लेकर राज्य में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने TVK सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर “हॉर्स ट्रेडिंग” यानी विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति की जा रही है।

TVK का AIADMK पर हमला

TVK ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए विधायक अपना इस्तीफा केवल विधानसभा सचिवालय में विधानसभा अध्यक्ष को ही सौंप सकते हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को भी इस संवैधानिक प्रक्रिया की सही जानकारी नहीं है। TVK की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लगातार चुनावी हार से परेशान विपक्ष अब अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा सरकार पर फोड़ने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने दावा किया कि एआईएडीएमके के कई विधायक अपने नेतृत्व से असंतुष्ट हैं और तमिलनाडु के विकास तथा जनता की सेवा की राजनीति से प्रभावित होकर स्वेच्छा से TVK के साथ जुड़ रहे हैं।

पलानीस्वामी ने लगाए “हॉर्स ट्रेडिंग” के आरोप

दरअसल, TVK का यह बयान पलानीस्वामी के आरोपों के बाद सामने आया है। पलानीस्वामी ने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए पहले सहयोगी दलों का समर्थन लिया गया और बाद में विपक्षी विधायकों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब AIADMK विधायकों से इस्तीफा दिलवाकर उन्हें सीधे सचिवालय में ही TVK में शामिल कराया जा रहा है। पलानीस्वामी ने कहा कि तमिलनाडु की जनता इस तरह की राजनीतिक गतिविधियों को देख रही है और लोकतंत्र की मर्यादा को कमजोर करने वाले कदमों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता ने इसी तरह की राजनीतिक सौदेबाजी देखने के लिए वोट दिया था।

TVK का पलटवार

वहीं, TVK ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आमतौर पर पार्टी बदलने वाले विधायक अपनी सदस्यता बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यहां विधायक अपने पद से इस्तीफा देकर दोबारा जनता के बीच जाने और नया जनादेश लेने के लिए तैयार हैं। पार्टी ने कूवत्तूर रिसॉर्ट प्रकरण का भी जिक्र किया और एआईएडीएमके पर सत्ता बचाने के लिए राजनीतिक नाटक करने का आरोप लगाया। TVK ने कहा कि जनता उस दौर को भूली नहीं है, जब विधायकों को रिसॉर्ट में रखकर राजनीतिक समीकरण साधे गए थे।

ये भी पढ़ें- 

Related Posts

“स्लो पॉइज़निंग” से जनता परेशान, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केंद्र सरकार को घेरा

नई दिल्ली, May 26, (Political Insight) : देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल के बाद अब CNG गैस के दामों में भी चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल-डीजल…

तेल के बाद गैस भी महंगी, दिल्ली में CNG की कीमतों में बड़ा इजाफा

नई दिल्ली, May 26, (Political Insight) : पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम…