नई दिल्ली, May 20, (Political Insight) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि देश आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री इटली में रील बनाने और टॉफी बांटने में व्यस्त हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को टॉफी उपहार में देने को लेकर तंज कसते हुए कहा, “हमारे सिर पर आर्थिक तूफान खड़ा है और प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं।” उन्होंने कहा कि किसान, युवा, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री हंसते हुए रील बना रहे हैं और बीजेपी नेता तालियां बजा रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे “नेतृत्व नहीं, बल्कि नौटंकी” बताया।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि जनता उनके भाषणों की “मधुरता” सुनती रहे, जबकि सरकार की नीतियों का बोझ झेलती रहे। खरगे ने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में प्रति भारतीय औसत कर्ज 11 गुना बढ़ा है, जबकि चुनिंदा उद्योगपतियों की संपत्ति रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।
कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। पार्टी के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, युवाओं में बेरोजगारी दर बढ़ी है और पिछले वर्षों में कई परीक्षा पत्र लीक होने से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश के करीब 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन पर निर्भर हो गए हैं।