नई दिल्ली, May 20, (Political Insight) : PM नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव पर इटली पहुंच चुके हैं। मंगलवार को इटली की राजधानी रोम में इटली की PM जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। PM मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त,” साथ ही उन्होंने PM मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की।
PM नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के दौरान इटली के रोम पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल पहुंचने पर PM ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की और एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था।
PM मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और इटली के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच 2025–2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जन-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार दिया जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत-इटली व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है।
इससे पहले PM नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के चौथे चरण में नॉर्वे पहुंचे थे। नॉर्वे से पहले उन्होंने स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का भी दौरा किया था, जहां विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर द्विपक्षीय समझौतों और सहयोग को लेकर सहमति बनी। इन दौरों के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे कई क्षेत्रों में प्रगति देखने को मिली। अब सभी की नजर PM मोदी की इटली यात्रा पर टिकी हुई है, जहां आगे की कूटनीतिक बैठकों और समझौतों को लेकर उम्मीदें जताई जा रही हैं।