पटना, May 14, (Political Insight) : भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में RJD प्रत्याशी सोनू राय ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर मतदान मंगलवार, 12 मई को हुआ था, जबकि गुरुवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इस जीत ने RJD और तेजस्वी यादव को बड़ी राहत दी है। वहीं, JDU के लिए यह परिणाम बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पार्टी को उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
उपचुनाव में JDU ने राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें RJD के सोनू राय ने शिकस्त दे दी। मतगणना आरा शहर स्थित राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई।
इस उपचुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 97.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भोजपुर जिले के 14 मतदान केंद्रों पर 98.26 प्रतिशत वोटिंग हुई, जिसमें पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 98.34 और महिला मतदाताओं का प्रतिशत 98.18 रहा। वहीं, बक्सर जिले में कुल 97.48 प्रतिशत मतदान हुआ।
सोनू राय की जीत पर RJD ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी श्री सोनू कुमार राय जी की शानदार जीत पर उन्हें तथा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
गौरतलब है कि यह सीट तत्कालीन MLC राधाचरण साह के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। राधाचरण साह संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे, जिसके बाद उन्होंने MLC पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उपचुनाव कराया गया।