नासिक, May 8, (Political Insight) : नासिक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) मामले में फरार आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और नासिक क्राइम ब्रांच ने छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया। निदा खान काफी समय से फरार चल रही थी। निदा खान पर धार्मिक भावनाएं भड़काने, यौन उत्पीड़न और रेप के आरोपियों की मदद करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
दरअसल, TCS में धर्मांतरण के खुलासे के बाद मुख्य आरोपियों में शामिल निदा खान पिछले 25 दिनों से फरार थी। इस बीच निदा खान ने कोर्ट में गर्भावस्था का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। अदालत ने टिप्पणी की थी कि प्रथम दृष्टया यह मामला पीड़िता के सुनियोजित ब्रेनवॉश और उसे विदेश भेजने की साजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। कोर्ट ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
अब पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नरेगांव परिसर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब महिला आरोपी से आगे की पूछताछ करेगी, जिसमें कई खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। यह मामला 26 मार्च को दर्ज शिकायत के बाद सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, इस केस में अब तक नौ एफआईआर दर्ज की गई हैं और सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह पूरा मामला नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की एक यूनिट (BPO) के अंदर कथित तौर पर चल रहे धर्मांतरण रैकेट, यौन उत्पीड़न और मानसिक शोषण से जुड़ा है। यह मामला मार्च 2026 में तब सुर्खियों में आया, जब एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई।