मुंबईः- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। यह मुलाकात हाल ही में हुई विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के नेतृत्व और सरकार में प्रतिनिधित्व को लेकर की गई।
बैठक में NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश इकाई प्रमुख सुनील तटकरे, मंत्री छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के नए विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ नए विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री के चयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में निर्णय लेने के लिए जल्द ही एनसीपी विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी।
प्रफुल्ल पटेल ने कहा, हमने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि कैबिनेट पोर्टफोलियो और नेतृत्व से जुड़े फैसले शीघ्र लिए जाने चाहिए। पार्टी अपने सभी विधायकों से परामर्श के बाद ही अपना रुख तय करेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी आगे की रणनीति विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बनाएगी।
सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक संकेत नहीं दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि पवार परिवार इस समय शोक की अवस्था में है और कुछ धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद पार्टी नेतृत्व सुनेत्रा पवार से बातचीत करेगा। उन्होंने दोहराया कि उपमुख्यमंत्री पद को लेकर कोई भी फैसला पार्टी विधायकों की भावनाओं के अनुरूप लिया जाएगा और यह पद जल्द भरा जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को NCP नेता नरहरि जिरवाल ने बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार के बाद बयान देते हुए सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि इससे पवार परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें-