CM विजय पर सवाल उठाने वाले यूट्यूबर मारिदास गिरफ्तार, BJP ने साधा निशाना

CM विजय पर सवाल उठाने वाले यूट्यूबर मारिदास गिरफ्तार, BJP ने साधा निशाना

तमिलनाडु, June 9, (Political Insight): तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय और उनकी सरकार की आलोचना करने वाले प्रसिद्ध यूट्यूबर मारिदास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर राज्य की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है और विपक्षी दलों ने सरकार पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन करने का आरोप लगाया है।  जानकारी के अनुसार, चेन्नई साइबर क्राइम विंग की एक विशेष टीम ने सोमवार को मदुरै पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से मारिदास को सूर्य नगर स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए चेन्नई ले जाया गया।

मारिदास पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे

मारिदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और 353(2) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यूट्यूबर द्वारा सोशल मीडिया और यूट्यूब पर CM विजय तथा राज्य सरकार के मंत्रियों के खिलाफ लगातार लगाए जा रहे आरोपों और आलोचनात्मक टिप्पणियों के आधार पर साइबर अपराध शाखा ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की थी। मारिदास सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स रखने वाले चर्चित यूट्यूबर हैं। राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर उनकी टिप्पणियां अक्सर चर्चा का विषय रही हैं। इससे पहले भी उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हो चुके हैं।

‘मारिदास ने तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर सवाल उठाए

मारिदास की गिरफ्तारी के बाद BJP समेत कई विपक्षी नेताओं ने राज्य सरकार की आलोचना की है। BJP की वरिष्ठ नेता और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि सत्ता में आने से पहले CM विजय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की वकालत करते थे, लेकिन अब उनकी सरकार आलोचनात्मक आवाजों को दबा रही है। तमिलिसाई सौंदरराजन ने दावा किया कि मारिदास ने व्यक्तिगत हमले करने के बजाय तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कानून के इस्तेमाल में पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने एक अन्य यूट्यूबर मुख्तार का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

तमिलनाडु में राजनीतिक बहस तेज

हालांकि, तमिलिसाई सौंदरराजन ने स्पष्ट किया कि वह मारिदास की गिरफ्तारी का विरोध करती हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों का समर्थन नहीं करतीं। मारिदास की गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राजनीतिक असहिष्णुता को लेकर बहस तेज हो गई है। जबकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई कानून के तहत दर्ज शिकायत और जांच के आधार पर की गई है।

ये भी पढ़ें- 

Related Posts

क्या कांग्रेस में शामिल होंगी ममता? TMC को मिले राजनीतिक ऑफर की चर्चा से बढ़ी हलचल

नई दिल्ली, June 10, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बदलाव की चर्चा जोरों पर है। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों ने क्षेत्रीय क्षत्रपों की ताकत के जिस…

नटराजन मामले में नया मोड़, चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस, क्या पलटेगा RO का फैसला?

नई दिल्ली, 10 जून (Political Insight): मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के मामले में बुधवार को कांग्रेस ने चुनाव आयोग का…