नई दिल्ली, June 7, (Political Insight) : देश में बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की परेशानी और बढ़ा दी है। रोजमर्रा की जरूरत की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं। दूध, पेट्रोल-डीजल और CNG के बाद अब घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भी इजाफा कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गैस कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गई है। वहीं 5 किलो वाले सिलेंडर का दाम 339 रुपये है। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3113 रुपये 50 पैसे पर स्थिर बनी हुई है।
पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी के बीच LPG सिलेंडर के महंगे होने की आशंका पहले से जताई जा रही थी। हालांकि 28 फरवरी से शुरू हुए ईरान युद्ध के कारण सप्लाई प्रभावित होने के बावजूद उस समय घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए गए थे।
सरकार ने इससे पहले 1 मई को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उस समय कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये और 5 किलो वाले सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 1 जून को कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये और महंगा हो गया था।
वहीं सरकार ने गैस बुकिंग सिस्टम को लेकर भी जानकारी दी है। सरकार के अनुसार अब रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग 99 प्रतिशत तक पहुंच गई है। साथ ही 95 प्रतिशत डिलीवरी ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए की जा रही है, ताकि डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर होने वाली हेराफेरी को रोका जा सके।