नई दिल्ली, June 5, (Political Insight) : 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है। BJP की ओर से जारी सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। सूची को पार्टी के भीतर नए समीकरणों और नेतृत्व परिवर्तन की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
राज्यसभा सांसद बिट्टू को नही मिला मौका
BJP ने मध्य प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। उनके साथ रजनीश अग्रवाल को भी टिकट दिया गया है। वहीं राजस्थान में पार्टी ने कई चौंकाने वाले फैसले लिए हैं। राजस्थान से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को इस बार उम्मीदवार नहीं बनाया गया। उनकी जगह BJP ने डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया पर भरोसा जताया है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाएं थीं, लेकिन पार्टी ने उनकी बजाय डॉ. अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया। राजस्थान से राज्यसभा के तीन सदस्यों राजेंद्र गहलोत, रवनीत सिंह बिट्टू और नीरज डांगी का कार्यकाल 20 जून को समाप्त हो रहा है।
गुजरात और अन्य राज्यों से किसे मिला टिकट?
BJP ने मणिपुर से अपनी प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताई तागाक को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। गुजरात की चार सीटों के लिए BJP ने चार नए चेहरों पर दांव लगाया है। इनमें राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र कंजारिया शामिल हैं। इनमें से कई नेताओं को अपेक्षाकृत युवा और संगठन से जुड़े चेहरों के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी ने इन नामों के जरिए ओबीसी और आदिवासी समुदायों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया है।
ओडिशा उपचुनाव में देबाशीष को टिकट
भाजपा ने ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार बनाया है। सामंतराय हाल ही में बीजू जनता दल (BJD) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके इस्तीफे के कारण ही यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
BJP की जीत लगभग तय
विधानसभाओं में संख्या बल को देखते हुए भाजपा की गुजरात की चारों सीटों, राजस्थान और मध्य प्रदेश की दो-दो सीटों तथा मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की एक-एक सीट पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। ओडिशा उपचुनाव में भी पार्टी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। गौरतलब है कि राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव 18 जून को आयोजित किए जाएंगे। इन राज्यों में भाजपा की सरकार होने के कारण पार्टी को अधिकांश सीटों पर स्पष्ट बढ़त हासिल है।