पश्चिम बंगाल, May 8, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल में जनता द्वारा BJP को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी विधायक दल की बैठक शुक्रवार को होने जा रही है, जिसमें विधायक दल के नेता और राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है। विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, अधिकारी ने 2021 में भी ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराया था।
जानकारी के अनुसार, नई कैबिनेट में अनुभवी नेताओं के साथ राजनीति में हाल ही में आए चेहरों को भी जगह मिल सकती है। पहली बार विधायक बने कुछ नामों की चर्चा काफी तेज है। साथ ही कई पुराने चेहरों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा है। इसके अलावा पार्टी किसी महिला विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाने पर भी विचार कर सकती है।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, नौ मई को कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।