नई दिल्लीः- भारत और इजरायल ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान से लेकर उभरती प्रौद्योगिकियों तक कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया। ये समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हुए।
मिली जानकारी के अनुसार इन समझौतों में सांस्कृतिक सहयोग, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य पालन और जलीय कृषि, शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI के विस्तार जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ का ऐतिहासिक निर्णयः-
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि भारत–इजरायल संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनशीलता पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने इस दीर्घकालिक सहयोग को अब ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि नौ वर्ष पहले वे इजरायल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने कहा कि इजरायल की ऐतिहासिक भूमि पर दोबारा कदम रखना उनके लिए गर्व और भावनात्मक क्षण है।
उभरती तकनीकों पर विशेष फोकसः-
PM मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी साझेदारी स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), क्वांटम तकनीक और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इजरायल में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के उपयोग को लेकर समझौता हो गया है, जिससे दोनों देशों के बीच डिजिटल भुगतान और फिनटेक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल नवाचार और भविष्य की तकनीकों के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्र हैं। उन्होंने दोनों देशों को गौरवशाली प्राचीन सभ्यताएं बताते हुए कहा कि वे अपने इतिहास पर गर्व करते हैं, लेकिन साथ ही भविष्य को आकार देने के लिए भी दृढ़ संकल्पित हैं।
नेतन्याहू ने कहा कि दोनों देश मिलकर प्रौद्योगिकी, शिक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन समझौतों से द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी और भारत–इजरायल साझेदारी रक्षा सहयोग से आगे बढ़कर डिजिटल, कृषि, शिक्षा और नवाचार जैसे व्यापक क्षेत्रों तक और मजबूत होगी।