नई दिल्लीः– यूरोपीय संघ (EU) के दो शीर्ष नेता 25 से 28 जनवरी तक चार दिवसीय दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, जिससे इस यात्रा का रणनीतिक महत्व बढ़ गया है।
आपको बता दे कि, यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन 25 से 28 जनवरी तक भारत में रहेंगे। इस दौरान हैदराबाद हाउस में आयोजित होने वाले सभी आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए विदेश मंत्रालय का एक्सपी (AXP) डिवीजन स्वीकृति प्रक्रिया का संचालन करेगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रमों की अधिक मांग को देखते हुए हैदराबाद हाउस में सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मीडिया कवरेज के लिए वायर सर्विस को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सभी मीडिया आउटलेट्स को आवश्यक विजुअल्स उपलब्ध कराए जा सकें।
मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो विदेश मंत्रालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध होंगे, जिन्हें मंत्रालय को क्रेडिट देते हुए उपयोग किया जा सकता है।इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने सभी मीडिया संगठनों से अनुरोध किया है कि हैदराबाद हाउस में होने वाले कार्यक्रमों के लिए 23 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे तक निर्धारित गूगल शीट भर दी जाए।
बताया गया है कि 26 जनवरी को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के लिए भी मीडिया की सीमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब हैं कि, इस दौरे के दौरान दोनों EU नेता 27 जनवरी को होने वाले 16वें भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भाग लेंगे।
भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत लगभग अंतिम चरण में है। ऐसे में EU नेताओं के इस दौरे के दौरान FTA से जुड़े किसी महत्वपूर्ण ऐलान की संभावना भी जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-