नई दिल्लीः- साल 2026 का गणतंत्र दिवस देश के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। नई दिल्ली में इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली भव्य परेड पर पूरे देश की निगाहें टिकी होंगी। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसे नए स्वर और नए रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस विशेष प्रस्तुति के लिए भारत के प्रसिद्ध संगीतकार और ऑस्कर विजेता M.M कीरावणी को चुना गया है। संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में होने वाली इस प्रस्तुति में देशभर से आए 2500 कलाकार हिस्सा लेंगे।
एम.एम. कीरावणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए लिखा,
“प्रिय साथियों, वंदे मातरम्! गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए संगीत रचना करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है। यह प्रस्तुति देशभर से आए 2500 कलाकारों द्वारा दी जाएगी। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए जुड़े रहिए।”
कौन हैं M.M. कीरावणीः-
M.M कीरावणी का जन्म 4 जुलाई 1961 को आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के कोव्वुर में हुआ था। उनका पूरा नाम कोडुरी मारकथमणि कीरावणी है। वे एक फिल्मी पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता कोडुरी शिव शक्ति दत्ता प्रसिद्ध गीतकार और पटकथा लेखक थे। मशहूर फिल्म निर्देशक S.S राजामौली उनके कजिन हैं। उनके भाई कल्याणी मलिक संगीत निर्देशक हैं, जबकि उनकी पत्नी M.M श्रीवल्ली फिल्म प्रोड्यूसर हैं।
करियर की शुरुआत और सफलताः-
कीरावणी ने 1987 में सहायक संगीत निर्देशक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। 1991 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘क्षण क्षणम’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कई सुपरहिट फिल्मों को संगीत दिया।
बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय पहचानः-
आपको बता दे कि, बॉलीवुड में कीरावणी ने 1994 में फिल्म ‘क्रिमिनल’ से डेब्यू किया। इसके बाद ‘जख्म’, ‘साया’, ‘सुर’, ‘जिस्म’ और ‘पहेली’ जैसी फिल्मों में उनके गाने खूब लोकप्रिय हुए।
हालांकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान 2022 में फिल्म ‘RRR’ के गीत ‘नाटू नाटू’ से मिली, जिसने गोल्डन ग्लोब और ऑस्कर पुरस्कार जीतकर भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन किया।
सम्मान और उपलब्धियांः-
एम.एम. कीरावणी को अब तक एक ऑस्कर, एक गोल्डन ग्लोब, दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 11 नंदी पुरस्कार और 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल चुके हैं। भारत सरकार ने उन्हें 2023 में पद्म श्री से सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस 2026 पर एम.एम. कीरावणी की संगीत रचना में ‘वंदे मातरम्’ की यह प्रस्तुति न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन होगी, बल्कि देश की एकता, गौरव और विरासत का भव्य उत्सव भी साबित होगी।