पटनाः- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहतभरी पहल की घोषणा की है। ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के अंतर्गत अब बुजुर्गों को घर बैठे आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से लाखों वरिष्ठ नागरिकों को बार-बार अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में सरकार बनने के बाद से राज्य में न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर लगातार काम किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के उत्थान और हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देने के उद्देश्य से सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं।
CM नितीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से हम लोगों की सरकार बनी, तब से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के उत्थान और हर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया गया है। हम लोगों ने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है और सबके मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। अब राज्य के सभी लोग सम्मान के साथ आसानी से जीवन व्यतीत कर सकें, इसके लिए गंभीरता से कार्य शुरू कर दिया गया है।”
CM नीतीश कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 से 2030 के लिए राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लक्ष्य के साथ ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम लागू किया गया है। इस कार्यक्रम का सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ नागरिकों के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने और उनकी दैनिक जरूरतों को सरल बनाने पर केंद्रित है।
वरिष्ठ नागरिकों को घर पर मिलेंगी स्वास्थ्य और आपात सेवाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सात निश्चय-3’ के तहत सबसे पहले जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को उनके घर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अंतर्गत घर पर नर्सिंग सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही पैथोलॉजी जांच, जैसे ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर जांच और ECG जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी घर पर ही की जा सकेंगी। इसके अलावा फिजियोथेरेपी की सुविधा भी बुजुर्गों को घर बैठे उपलब्ध कराई जाएगी। आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सकीय सहायता घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को घर पर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और इस दिशा में तेजी से काम करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्गों के जीवन को और आसान बनाने के लिए कौन-कौन सी अतिरिक्त सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसका भी आकलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनता से इस योजना को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई नागरिक वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़े विशेष सुझाव देना चाहता है, तो निर्धारित माध्यमों के जरिए अपने बहुमूल्य सुझाव साझा कर सकता है।
इस पहल को राज्य में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।