नई दिल्ली/पणजीः- गोवा जिला पंचायत चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की है और इसके लिए गोवा की जनता का आभार जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत गोवा में सुशासन और प्रगतिशील राजनीति के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति का प्रतीक है। जिला पंचायत चुनावों में भाजपा-एमजीपी (एनडीए) परिवार को मिले मजबूत समर्थन के लिए गोवा की सभी बहनों और भाइयों का धन्यवाद। यह गोवा के विकास के लिए हमारे प्रयासों को और अधिक बल देगा। हम इस खूबसूरत राज्य के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
प्रधानमंत्री ने इस सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर काम करने वाले एनडीए कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण यह शानदार परिणाम सामने आया है।
अमित शाह ने जताया आभार, कार्यकर्ताओं को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गोवा जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गोवा की जनता का धन्यवाद किया और कहा कि जिला पंचायत चुनावों में एनडीए को मिली शानदार जीत, सुशासन और विकास की नीतियों पर जनता की मुहर है।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, राज्य भाजपा अध्यक्ष दामु नाइक और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने शासन के हर स्तर पर जनसेवा को प्राथमिकता दी है और यह परिणाम उसी का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत बोले—जनता ने डबल इंजन सरकार पर जताया भरोसा
इससे पहले गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने भी भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गोवा में भाजपा नंबर वन बनी है। उन्होंने गोवा की जनता का भाजपा पर भरोसा जताने और गठबंधन को शानदार जीत दिलाने के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री सावंत ने भाजपा-एमजीपी (एनडीए) गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सशक्त जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार पर जनता के विश्वास को दर्शाता है।
संगठन और कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री ने गोवा भाजपा अध्यक्ष दामु नाइक के नेतृत्व में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन के विजन को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए अथक प्रयास किए। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य में सर्वांगीण विकास को गति देगा, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को मजबूत करेगा तथा ‘विकसित गोवा’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।