महाराष्ट्रः- महाराष्ट्र में नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य की भाजपा इकाई और एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को इस जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि महाराष्ट्र की जनता द्वारा महायुति को दिया गया यह समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार और राज्य सरकारों के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के विजन पर विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार सहित सभी सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। साथ ही भाजपा द्वारा सर्वाधिक सीटें जीतने पर प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
भाजपा का दावा: विकास के एजेंडे को मिला समर्थन
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने रविवार को दावा किया कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में अध्यक्ष पदों और अन्य सीटों पर सबसे अधिक जीत दर्ज कर वह सभी दलों में शीर्ष पर रही है। पार्टी का कहना है कि मतदाताओं ने विकास के एजेंडे के पक्ष में मतदान करते हुए विपक्ष के कथित ‘झूठे नैरेटिव’ को खारिज कर दिया है।
129 सीटों पर भाजपा की जीत
राज्य की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए मतदान दो चरणों में 2 और 20 दिसंबर को हुआ था, जबकि मतगणना रविवार को संपन्न हुई। दोपहर 1:44 बजे तक भाजपा ने दावा किया कि वह 129 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और मतगणना अभी जारी है।
निकाय चुनावों में निर्णायक जनादेश
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने इन नतीजों को निर्णायक जनादेश बताते हुए कहा कि पार्टी का अगला फोकस अब मुंबई पर होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने चुनाव प्रचार के दौरान कई तरह के आरोप लगाए, लेकिन जनता ने सच्चाई को समझते हुए उन्हें नकार दिया।
भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चव्हाण ने कहा कि यह परिणाम राज्य की दिशा और विकास के प्रति जनता की स्पष्ट इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा और उसके सहयोगी मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
महायुति का दबदबा
रविंद्र चव्हाण ने दावा किया कि महायुति ने 288 में से 250 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जीत हासिल की है। वहीं भाजपा उम्मीदवारों ने 236 परिषद अध्यक्ष पदों में से 134 और 3,000 से अधिक पार्षद पदों पर विजय प्राप्त की है।