ओमान यात्रा पूरी कर स्वदेश रवाना हुए PM मोदी, मस्कट एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से विदाई

ओमान यात्रा पूरी कर स्वदेश रवाना हुए PM मोदी, मस्कट एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से विदाई

मस्कट/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओमान की यात्रा पूरी करने के बाद भारत के लिए रवाना हो गए। मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद उन्हें विदा करने पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और गले लगकर अभिवादन किया। विदाई के समय उप प्रधानमंत्री को पारंपरिक भारतीय अभिवादन ‘नमस्ते’ करते हुए देखा गया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर उन्हें धन्यवाद दिया। यह दृश्य भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंधों की झलक पेश करता नजर आया।

प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से किया गया सम्मानित

तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से नवाजा गया। यह सम्मान ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने प्रदान किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को अब तक कुल 29 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ की स्थापना वर्ष 1970 में दिवंगत सुल्तान काबूस बिन सईद ने की थी। यह सम्मान सार्वजनिक जीवन और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए चुनिंदा वैश्विक नेताओं को दिया जाता है। इसके पूर्व सम्मानित हस्तियों में महारानी एलिजाबेथ, महारानी मैक्सिमा, जापान के सम्राट अकिहितो, नेल्सन मंडेला और जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला शामिल हैं।

भारत-ओमान के बीच द्विपक्षीय बैठक और अहम समझौते

ओमान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और सुल्तान हैथम बिन तारिक के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण व्यापार और निवेश समझौतों पर सहमति बनी। इन समझौतों से भारत के टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, रत्न एवं आभूषण, नवीकरणीय ऊर्जा और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

सीईपीए को बताया साझा भविष्य का खाका

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “आज हम एक ऐसा निर्णय ले रहे हैं, जिसकी गूंज आने वाले कई दशकों तक सुनाई देगी। सीईपीए 21वीं सदी में हमें नया भरोसा और नई ऊर्जा देगा। यह हमारे साझा भविष्य का खाका है, जिससे व्यापार बढ़ेगा, निवेश को बल मिलेगा और नए अवसर पैदा होंगे।”

मस्कट आगमन पर हुआ था भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम मस्कट पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री और सुल्तान के भाई सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच औपचारिक बातचीत हुई और रात में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में उप प्रधानमंत्री की ओर से विशेष भोज का आयोजन किया गया।

ओमान यात्रा के समापन के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश लौट गए हैं, जहां उनकी इस यात्रा को भारत-ओमान संबंधों में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें-

Related Posts

महिला आरक्षण बिल पर संसद में गरमाई बहस, अखिलेश यादव ने उठाए मंशा और प्रक्रिया पर सवाल

नई दिल्ली, 18 Apr, (Political Insight): संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर शुक्रवार को तीखी बहस देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश…

महिला आरक्षण संशोधन बिल पर सरकार को झटका, 298 बनाम 230 वोटों से नहीं मिला बहुमत

नई दिल्ली, 18 Apr, (Political Insight): संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन आयोग से जुड़े अहम बिलों पर तीखी बहस…