नई दिल्ली/पटना:- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक फैसले में बिहार के कैबिनेट मंत्री एवं पांच बार के विधायक नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है, अब ये J.P. नड्डा की जगह लेगें। यह नियुक्ति भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम मानी जा रही है।
संगठनात्मक नेतृत्व में अपनी मजबूत पकड़ के लिए विख्यात 45 वर्षीय श्री नबीन वर्तमान में पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में सड़क निर्माण विभाग के मंत्री के रूप में सक्रिय हैं, जहां उन्होंने बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नितिन नबीन भाजपा के अनुभवी नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं, जिनकी राजनीतिक विरासत को वे सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं।
भाजपा इतिहास में मील का पत्थर
नितिन नबीन की नियुक्ति कई कारणों से ऐतिहासिक है। मात्र 45 वर्ष की आयु में वे भाजपा के इतिहास के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। इसके अलावा, वे बिहार से इस उच्च पद पर पहुंचने वाले पहले भाजपा नेता हैं, जो राज्य इकाई की बढ़ती ताकत को रेखांकित करता है। लगभग दो दशक के संगठनात्मक अनुभव के दम पर उन्होंने पार्टी में कई जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में युवा कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में प्रभारी के तौर पर चुनावी रणनीति तैयार करना शामिल है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन की नियुक्ति से भाजपा का संगठनात्मक तंत्र और मजबूत होगा, खासकर आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए। उनकी युवा ऊर्जा और बिहार की जमीनी समझ को राष्ट्रीय स्तर पर उपयोग करने की उम्मीद है।