नई दिल्ली:- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे दो दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बैठक होगी, जिसमें दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
श्री पुतिन की इस यात्रा के दौरान भारत और रूस के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और मीडिया सहित कई क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पुतिन के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी। यह यात्रा दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व को द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति का पुनर्मूल्यांकन और विशिष्ट रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का सर्वोच्च संवाद मंच है। अब तक 22 शिखर सम्मेलनों का आयोजन भारत और रूस में बारी-बारी से हो चुका है।