नई दिल्ली, May 28, (Political Insight) : BJP ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली की कमान
हर्ष मल्होत्रा BJP के प्रमुख नेता और पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। वर्तमान में वे केंद्र सरकार में सड़क परिवहन और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री हैं। वे वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी। वे वर्ष 2015 से 2016 तक पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा की अध्यक्ष
BJP ने हरियाणा में बड़ा बदलाव करते हुए मोहन लाल बड़ोली को हटाकर डॉ. अर्चना गुप्ता को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति से पहले वे हरियाणा भाजपा में प्रदेश महामंत्री के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने संगठन में पानीपत जिले की महिला मोर्चा अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है।
केवल सिंह ढिल्लों को मिली पंजाब की जिम्मेदारी
पूर्व विधायक सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे सुनील जाखड़ की जगह इस पद की कमान संभालेंगे। BJP ने पंजाब के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी जाट-सिख चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी का पारंपरिक आधार शहरी हिंदू वोट बैंक माना जाता रहा है, लेकिन अब ग्रामीण और सिख किसानों तक पहुंच बढ़ाने के लिए यह एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
अभिषेक देबरॉय बने त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष
अभिषेक देबरॉय को BJP के पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे राजीव भट्टाचार्य की जगह लेंगे। देबरॉय त्रिपुरा की राजनीति में BJP के युवा और सक्रिय चेहरे माने जाते हैं। वे गोमती जिले की माताबाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा के वर्तमान विधायक हैं। उन्होंने कर्नाटक स्थित राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 में फार्मेसी में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। 44 वर्षीय अभिषेक देबरॉय बूथ स्तर पर संगठनात्मक रणनीति बनाने के लिए जाने जाते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने श्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री को भाजपा दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया। pic.twitter.com/02HDoHSew9
— BJP (@BJP4India) May 28, 2026