नई दिल्ली, May 15, (Political Insight) : PM नरेंद्र मोदी अपने पांच दिवसीय विदेश दौरे के पहले चरण में UAE की राजधानी अबूधाबी पहुंचे, जहां उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान PM मोदी ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों, ऊर्जा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा की। वार्ता के दौरान PM मोदी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत हर परिस्थिति में UAE के साथ खड़ा है और आगे भी मजबूती से साथ रहेगा। उन्होंने UAE को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी देश की संप्रभुता और एकता पर हमला स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “जिस तरह से UAE को निशाना बनाया गया, वह किसी भी तरह से मंजूर नहीं है। देश की एकता बनाए रखने के लिए UAE द्वारा उठाए गए कदमों का भारत स्वागत करता है।”
पीएम मोदी ने संकट के समय UAE में रह रहे भारतीयों की देखभाल के लिए वहां की सरकार और रॉयल फैमिली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय को परिवार के सदस्यों की तरह सुरक्षा और सहयोग दिया गया, जिसके लिए भारत हमेशा आभारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होने की कामना करता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत शांति, स्थिरता और सहयोग के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा।
इस यात्रा के दौरान भारत और UAE के बीच कई अहम समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों ने “सामरिक रक्षा साझेदारी” समझौते को मंजूरी दी, जिससे सैन्य सहयोग और मजबूत होगा। इसके अलावा रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व और LPG सप्लाई को लेकर भी महत्वपूर्ण सहमति बनी। गुजरात के वाडिनार में “शिप रिपेयर क्लस्टर” स्थापित करने के लिए भी एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए, जिसे भारत-UAE आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Sharing my remarks during meeting with my brother, His Highness Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan. @MohamedBinZayed https://t.co/j1hoGlPDib
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026