लखनऊ, May 13, (Political Insight) : अखिलेश यादव के सौतेले भाई और मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका लगातार इलाज किया जा रहा था। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव, बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। उस दौरान अपर्णा यादव और अखिलेश यादव दोनों उनसे मिलने पहुंचे थे। इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर होने पर उन्हें घर वापस लाया गया था, लेकिन उनकी सेहत पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई थी।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले कई दिनों से कमजोर और अस्वस्थ दिखाई दे रहे थे। जिम, फिटनेस और दवाइयों को लेकर भी उनके बारे में कई तरह की चर्चाएं होती रही थीं। हालांकि, उनकी बीमारी इतनी गंभीर साबित होगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। फिलहाल, उनकी मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है और परिवार की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रतीक यादव देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक यादव परिवार के छोटे बेटे थे। हालांकि, वे राजनीति से हमेशा दूर रहे। प्रतीक के ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया है।
श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद!
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।
विनम्र श्रद्धांजलि! pic.twitter.com/weadva9hi4
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 13, 2026