दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

नई दिल्लीः- नए साल के जश्न के मद्देनज़र दिल्ली-एनसीआर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। 31 दिसंबर को शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान केवल वैध पास वाले वाहनों को ही निर्धारित क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नए साल का जश्न समाप्त होने तक यातायात में बदलाव और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड और पटेल चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, गोल डाक खाना, कालीबाड़ी मार्ग, पंत मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड और विंडसर प्लेस में पार्किंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा, नए साल के मौके पर इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों के एकत्र होने की संभावना को देखते हुए वहां भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर क्यू-पॉइंट, मथुरा रोड–पुराना किला, मथुरा रोड–शेरशाह रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, रफी मार्ग और पंडारा रोड से यातायात को डायवर्ट किया जा सकता है। कई गोल चक्करों पर भी इसी तरह के डायवर्जन लागू किए जाएंगे। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी और अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को क्रेन से हटाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सुगम आवागमन के लिए आरएमएल हॉस्पिटल रोड, मंदिर मार्ग, रानी झांसी रोड और विंडसर प्लेस जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। नए साल की पूर्व संध्या से पहले दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान भी शुरू कर दिया है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें और शराब पीकर वाहन चलाने से हर हाल में बचें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने या जश्न के दौरान अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वाहन चालकों और आम जनता से धैर्य बनाए रखने, ट्रैफिक नियमों और सड़क अनुशासन का पालन करने तथा चौराहों पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095/011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Posts

महिला आरक्षण बिल पर संसद में गरमाई बहस, अखिलेश यादव ने उठाए मंशा और प्रक्रिया पर सवाल

नई दिल्ली, 18 Apr, (Political Insight): संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर शुक्रवार को तीखी बहस देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश…

महिला आरक्षण संशोधन बिल पर सरकार को झटका, 298 बनाम 230 वोटों से नहीं मिला बहुमत

नई दिल्ली, 18 Apr, (Political Insight): संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन आयोग से जुड़े अहम बिलों पर तीखी बहस…