नई दिल्ली, May 13, (Political Insight) : PM नरेंद्र मोदी ने देश को संसाधनों के संतुलित उपयोग और बचत का संदेश देने के लिए अपने काफिले का आकार छोटा किया है। PM के हालिया राज्य दौरों के दौरान यह कदम उठाया गया। हालांकि, उनकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया गया। वैश्विक संकट के बीच PM का यह कदम देश पर पड़ने वाले दबाव को कम करने की अपील के रूप में देखा जा रहा है।
सुरक्षा से नहीं किया गया कोई समझौता
जानकारी के अनुसार, PM मोदी ने अपनी हालिया वडोदरा और गुवाहाटी यात्राओं के दौरान काफिले में शामिल वाहनों की संख्या पहले की तुलना में कम कर दी। खास बात यह रही कि इस निर्णय के बावजूद SPG के सुरक्षा प्रोटोकॉल को पूरी तरह बरकरार रखा गया। सुरक्षा से जुड़े आवश्यक वाहन पहले की तरह ही शामिल रहे, जबकि अन्य गाड़ियों की संख्या सीमित की गई।
PM ने खुद पेश की मिसाल
PM मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में दिए अपने संबोधन में ईंधन बचत, विदेशी मुद्रा की बचत, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने और एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील की थी। इसी संदेश को व्यवहार में उतारते हुए उन्होंने अपने काफिले की संख्या भी कम की है।
PM के इस कदम को ट्रैफिक प्रबंधन और आम लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। VVIP मूवमेंट के दौरान अक्सर लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ईंधन की मितव्ययी खपत और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती को लेकर PM की अपील के बाद उनके इस कदम को सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।
लोगों से की थी बचत की अपील
PM मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में दिए अपने भाषण में लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने में सहयोग करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि लोग अगले एक वर्ष तक सोने की खरीदारी से बचें। साथ ही, कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाने पर भी जोर दिया था। PM ने यह भी कहा था कि दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं, इसलिए ईंधन की बचत करना समय की जरूरत है।
बचत देश की, सुरक्षा पर्यावरण की। 🛡️♻️
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के आह्वान पर गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अपने काफिले को कम कर एक नई मिसाल पेश की है।
कम गाड़ियां मतलब कम प्रदूषण, और विदेशी मुद्रा की बचत। देश को प्राथमिकता देना ही नए भारत की असली शक्ति है। pic.twitter.com/dUFSgiUDFH
— BJP (@BJP4India) May 13, 2026