तमिलनाडु, May 13, (Political Insight) : तमिलनाडु विधानसभा में आज हुए विश्वास मत के दौरान तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) सरकार ने भारी बहुमत हासिल किया। विश्वास मत के बाद CM ने इसे जनता के जनादेश की जीत बताते हुए सरकार पर भरोसा जताने वाले सभी विधायकों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। टीवीके प्रमुख और तमिलनाडु के CM विजय ने अपने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट कर आभार जताया।
CM ने अपनी पोस्ट में कहा कि सदन में प्रस्तुत विश्वास मत पर 144 विधायकों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया, जबकि 22 ने विरोध किया और 5 तटस्थ रहे। इसके अलावा 60 विधायक अनुपस्थित रहे। विश्वास मत का परिणाम घोषित होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने TVK सरकार की जीत की पुष्टि की।
CM ने कहा कि विभिन्न दलों के विधायकों ने सदन में अपने विचार रखे और यह प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी बात को छिपाने में विश्वास नहीं रखती और सभी निर्णय जनता के सामने रखे जाते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि चुनाव में TVK को 34.92 प्रतिशत वोट मिले थे, जो जनता के स्पष्ट समर्थन को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का जनादेश सर्वोपरि है और विपक्ष के आरोपों का जवाब जनता पहले ही चुनाव परिणामों से दे चुकी है।