असम, May 12, (Political Insight) : असम के CM के रूप में हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दूसरी बार शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में स्थित पशु चिकित्सा मैदान में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
CM पद की शपथ के बाद भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा तथा BPF के चरण बोरो सहित चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में PM नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, तथा पबित्रा मार्गेरिटा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा-नीत गठबंधन ने 102 सीटों के साथ भारी बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा अकेले 82 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी। यह लगातार तीसरे कार्यकाल में NDA सरकार के गठन का संकेत है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने असम के 15वें CM के रूप में शपथ ली है। उन्होंने 12 मई 2026 को लगातार दूसरी बार पदभार संभाला, जिससे वे इस पद पर लगातार दो कार्यकाल पूरे करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए। वे जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से छठी बार विधायक चुने गए हैं और उन्हें लगभग 74 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए।
शपथ ग्रहण समारोह में अमेरिकी राजदूत गोर भी उपस्थित रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि असम के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और असम के बीच कई व्यापारिक संबंध हैं और नए कार्यकाल में सहयोग के और अवसर तलाशे जाएंगे।
Honored to have been invited to Guwahati today to attend the swearing-in ceremony of the Chief Minister Himanta Biswa Sarma. The United States and Assam have many commercial ties, and with the CM’s leadership we will identify many more win-win scenarios for both of our nations!… pic.twitter.com/QezWZN1uu7
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) May 12, 2026