पश्चिम बंगाल, 8 मई, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया है। विधायक दल के नेता के नाम पर मुहर लगा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इस फैसले के साथ राज्य में नई राजनीतिक रणनीति और नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।
BJP ने अमित शाह को विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया था। बैठक के बाद शाह ने कहा कि पार्टी के सहमति से शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ ही वह राज्य के इतिहास में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
शुभेंदु अधिकारी इस चुनाव में BJP के सबसे चर्चित चेहरों में रहे। उन्होंने भवानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब सबकी नजर नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर है। शुभेंदु अधिकारी शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान बैरकपुर की रैली में उन्होंने कहा था कि चुनाव परिणाम आने के बाद वह भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए फिर बंगाल आएंगे।