नई दिल्ली:– भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले आधिकारिक संबोधन में PM मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति जनता की भावनाओं से जुड़ता है, वही वास्तव में बड़ा नेता बनता है। उन्होंने कहा कि PM मोदी को एक कार्यकर्ता के रूप में देशसेवा करते हुए देखने का अवसर उन्हें मिला है और उनसे यह सीख मिली कि राजनीति केवल पदभार नहीं, बल्कि एक बड़ा उत्तरदायित्व है।
अपने इस संबोधन में नबीन ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ गुजरात के आणंद में हुए एक पुराने कार्यक्रम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देखा था कि प्रधानमंत्री मोदी किस तरह प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुनते थे। नबीन ने कहा कि कार्यक्रम के बाद निजी बातचीत में पीएम मोदी ने भावुक होकर यह समझाया था कि गुजरात से बड़ी संख्या में लोग क्यों आए थे। उसी दिन उन्हें यह एहसास हुआ कि कोई व्यक्ति तभी महान बनता है, जब वह जनता की भावनाओं को समझता है और उनसे जुड़ता है।
नितिन नबीन ने कहा कि आज यदि BJP विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसके पीछे प्रेरणादायी नेतृत्व, मजबूत विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में राष्ट्रध्वज को झुकने नहीं देता और सीना ठोककर राष्ट्र के सम्मान की रक्षा करता है।
विपक्षी दलों पर भी साधा निशानाः-
अपने भाषण में नबीन ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु की एक पहाड़ी पर पवित्र कार्तिगै दीपम पर्व को रोकने की कोशिश की गई, जो किसी एक घटना तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी ताकतों ने कई अवसरों पर सांस्कृतिक परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े आयोजनों को बाधित करने का प्रयास किया है। नबीन ने राम सेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाने और कार्तिगै दीपम जैसे पर्वों का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी सोच के लिए भारतीय राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं पर जताया विश्वासः-
आगामी चुनावों को लेकर नितिन नबीन ने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता अपने परिश्रम और संघर्ष के बल पर पार्टी को सफलता दिलाएंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने हैं, जहां बदलती जनसांख्यिकी एक चुनौती जरूर है, लेकिन BJP इन परिस्थितियों का मजबूती से सामना करेगी।
नितिन नबीन की पृष्ठभूमिः-
गौरतलब है कि 1980 में जन्मे नितिन नबीन ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से की। बीते दो दशकों में उन्होंने संगठन में एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा से पहली बार विधायक बनकर जनसेवा में कदम रखा और बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए पथ निर्माण और नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उल्लेखनीय सुधार किए।