नई दिल्लीः- भारत का निर्वाचन आयोग(ECI) 21 से 23 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर पहले भारत अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन–2026 (IIIDIM 2026) की मेज़बानी करेगा।
तीन दिवसीय इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन भारत का निर्वाचन आयोग(ECI) के तत्वावधान में इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDIM) द्वारा किया जा रहा है। IIIDIM 2026 चुनाव प्रबंधन और लोकतंत्र के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन होगा। इसमें विश्वभर के चुनाव प्रबंधन निकायों (EMB) के लगभग 100 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों के अलावा अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, भारत में स्थित विदेशी दूतावासों तथा चुनाव से जुड़े शिक्षाविदों और विशेषज्ञों की भागीदारी होगी। यह जानकारी निर्वाचन आयोग ने बुधवार को जारी अपने एक बयान में दी।
यह सम्मेलन भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार द्वारा निर्धारित उस एजेंडे को आगे बढ़ाएगा, जिसके तहत भारत वर्ष 2026 में इंटरनेशनल आईडीईए के सदस्य देशों की परिषद की अध्यक्षता करेगा। इस परिषद की अध्यक्षता का विषय होगा— “एक समावेशी, शांतिपूर्ण, लचीली और टिकाऊ दुनिया के लिए लोकतंत्र।” आईआईआईडीईएम (IIIDIM) के महानिदेशक राकेश वर्मा ने 7 जनवरी 2026 को मीडियाकर्मियों से बातचीत में सम्मेलन की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन चुनाव प्रबंधन निकायों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का एक वैश्विक मंच बनेगा, जहां समकालीन चुनौतियों पर साझा समझ विकसित की जाएगी, सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों और नवाचारों का आदान-प्रदान होगा तथा समाधान सह-निर्माण के माध्यम से तलाशे जाएंग
इस अवसर पर आईआईसीडीईएम (IIIDIM) 2026 के आधिकारिक प्रतीक चिह्न का भी अनावरण किया गया। सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों को भारत की चुनावी प्रणाली, प्रक्रियाओं और तकनीकी नवाचारों से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे दुनिया भर के मतदाताओं के एक बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले देश भारतीय चुनावी अनुभव को समझ सकेंगे।
इस कार्यक्रम में उद्घाटन सत्र, ईएमबी लीडर्स प्लेनरी, ईएमबी वर्किंग ग्रुप बैठकें और ईसीआईनेट के लॉन्च सहित कई सामान्य और प्लेनरी सत्र शामिल होंगे। इसके साथ ही वैश्विक चुनावी विषयों, अंतर्राष्ट्रीय चुनावी मानकों तथा चुनावी प्रक्रियाओं में श्रेष्ठ प्रथाओं और नवाचारों पर केंद्रित थीमेटिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर भाग लेने वाले ईएमबी प्रमुखों और अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें करेगा।
आपको बताते चले कि, इस सम्मेलन में देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। चार IIT, छह IIM, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLU) और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) सहित कई संस्थान इसमें भाग लेंगे।
वहीं राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक विशेषज्ञ भी 36 थीमेटिक समूहों का नेतृत्व करते हुए विचार-विमर्श में योगदान देंगे।