काबुलः- काबुल में मंगलवार रात एक बड़े हवाई हमले में भारी तबाही हुई, जिसमें एक अस्पताल को निशाना बनाया गया। इस हमले में कम से कम 400 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि यह हमला पाकिस्तान की ओर से किया गया, जिसमें शहर के एक नशा मुक्ति अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती कई मरीज मारे गए और अनेक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुजाहिद ने पाकिस्तान पर अफ़गानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही घंटों पहले दोनों देशों की साझा सीमा पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आई थीं।
इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई गई है। अफ़गानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने आम नागरिकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन है।
हमले के बाद काबुल में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है, क्योंकि स्थानीय निवासियों ने शहर के ऊपर लगातार हवाई गतिविधियों की जानकारी दी है। हाल के हफ्तों में भी पाकिस्तान द्वारा काबुल पर कई हमलों के आरोप लगे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए हैं। (स्त्रोतः-PB)