गुवाहाटीः- PM मोदी शनिवार को दो दिवसीय असम दौरे पर गुवाहाटी पहुंचे। हवाई अड्डे पर असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा ने उनका स्वागत किया। विकास पथ में एक निर्णायक कदम बताया। CMO के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह दौरा ‘बागुरुम्बा दोहो’ के भव्य सांस्कृतिक उत्सव से लेकर काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर और उन्नत रेल संपर्क जैसी प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं से जुड़ा है। प्रधानमंत्री आगमन के बाद रोड शो में शामिल हुए और फिर ‘बागुरुम्बा दोहो’ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, असम मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने भी PM मोदी स्वागत और दौरे को राज्य के विकास पथ में एक निर्णायक कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार असम की हर विरासत और गौरव का सम्मान करना अपना सौभाग्य मानती है। उन्होंने ज्योति प्रसाद अग्रवाल की पुण्यतिथि का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘बागुरुम्बा दोहो’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बोडो परंपरा और बोडो समाज की महान विभूतियों को सम्मान देने का माध्यम है। उन्होंने असम की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि बड़े आयोजनों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि को व्यापक पहचान मिलनी चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने असम में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस राज्य में कभी हिंसा, अशांति और कर्फ्यू का माहौल रहता था, वहां आज संस्कृति और संगीत के रंग बिखर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल असम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान किया जाता है, तो कुछ राजनीतिक दलों को आपत्ति होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए असम में अस्थिरता को बढ़ावा दिया और समस्याओं के समाधान के बजाय विभाजन और उपेक्षा की नीति अपनाई।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि असम का आत्मविश्वास, सामर्थ्य और प्रगति भारत की विकास गाथा को नई ऊर्जा दे रही है। उन्होंने कहा कि असम तेजी से प्रगति करने वाले राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है और राज्य की अर्थव्यवस्था नई गति पकड़ रही है। इस विकास में बोडोलैंड और वहां के लोगों की भूमिका को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।