राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने स्वामी विवेकानंद को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने स्वामी विवेकानंद को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली:- स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सोमवार को मनाए जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर नेताओं ने उनके विचारों और योगदान को याद किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “मैं स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देती हूं, जिसे नेशनल यूथ डे के तौर पर मनाया जाता है। वे हमेशा दूर की सोचने वाले और आध्यात्मिक आइकॉन थे, उन्होंने सिखाया कि अंदरूनी ताकत और इंसानियत की सेवा ही एक मतलब भरे जीवन की नींव है। उन्होंने भारत की हमेशा रहने वाली समझदारी को दुनिया तक पहुंचाया।”

उन्होंने आगे कहा कि, “स्वामीजी ने भारतीयों में देश का गर्व जगाया और युवाओं को देश बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उनकी शिक्षाएं इंसानियत को प्रेरित करती रहेंगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए पोस्ट में लिखा कि, “भारतीय युवाशक्ति के सशक्त प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विकसित भारत के संकल्प में निरंतर नई ऊर्जा का संचार करने वाला है। मेरी कामना है कि राष्ट्रीय युवा दिवस का यह दिव्य अवसर सभी देशवासियों, विशेषकर हमारे युवा साथियों के लिए नई शक्ति और नया आत्मविश्वास लेकर आए।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि, “स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन तथा समस्त देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन व अध्यात्म से देश के युवाओं को जोड़ने और इसकी व्याप्ति विश्व मंचों तक पहुंचाने वाले स्वामी विवेकानंद जी ने रामकृष्ण मिशन के माध्यम से समाज सेवा के भी आदर्श स्थापित किए।”

उन्होंने आगे कहा, “लक्ष्य प्राप्ति से पहले नहीं रुकने का संदेश देने वाले स्वामी जी के विचार युवाओं में कर्त्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत कर विकसित भारत के निर्माण को गति दे रहे हैं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि, “गर्व से कहो, हम हिंदू हैं। भारतीय ज्ञान-परंपरा के ध्वजवाहक, विश्व मंच पर सनातन संस्कृति को पुनर्स्थापित करने वाले राष्ट्रप्रेरक युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन एवं ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। स्वामी जी के विचारों ने यह सिद्ध किया कि हिंदू धर्म मानवता के समग्र उत्कर्ष एवं कल्याण का सर्वोच्च मार्गदर्शक है।

आइए, ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर उनके विचारों को जीवन में धारण कर राष्ट्र सेवा और समाज-उत्थान के संकल्प को और दृढ़ करें।” देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों को याद किया गया।

आपको बता दें कि, ‘राष्ट्रीय युवा दिवस 2026’ को “स्वयं को प्रज्वलित करें, दुनिया पर प्रभाव डालें (Ignite the Self, Impact the World)” थीम के साथ मनाया जा रहा है।

इस दिन को युवा दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत वर्ष 1984 से की गई थी। यह दिन महान विचारक, समाज सुधारक और युवा प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता हैं, जिनका जन्म 12जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था।

ये भी पढ़ें-

Related Posts

TMC का दावा- BJP समर्थकों ने किया हमला, अभिषेक ने की कार्रवाई की मांग

कोलकाता, June 4, (Political Insight) : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं पर कथित हमलों को लेकर पार्टी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा…

भारत को संदेश, पाकिस्तान का बचाव, तुर्की के विदेश मंत्री ने क्या कहा?

नई दिल्ली, June 4, (Political Insight) : ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में खड़े होकर तुर्की ने भारत के प्रति अपना विरोधी रुख दिखाया था। अब तुर्की के…