नई दिल्लीः- भारत मंडपम में 9 से 12 जनवरी तक “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026” के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा हैं, जिसमें देशभर के उभरते युवा नेता, नीति-निर्माता और वैश्विक विशेषज्ञ सभी एक साथ एक मंच पर आएंगे। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में युवा कार्यक्रम द्वारा आयोजित यह संवाद विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका को मजबूत बनाने पर केंद्रित है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव से प्रेरित यह पहल युवाओं के नवाचार और समाधानों को नीति निर्माण से जोड़ेगी।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी रहेगी। जिसमें वे टाउनहॉल शैली में 1,500 चयनित युवा नेताओं से सीधे संवाद करेंगे और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर उन्हे मार्गदर्शन देंगे। यह अवसर युवाओं को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार रखने का सुनहरा मौका देगा।
आपको बता दे कि VBYLD 2026 का आधार ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ रहा, जिसमें डिजिटल क्विज, निबंध लेखन और राज्य-स्तर के विजन डेक चैलेंज के चार चरणों से गुजरते हुए देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 50.42 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया।
इनमें से ही शीर्ष 1,500 युवा ग्रैंड फिनाले में दस राष्ट्रीय प्राथमिकता वाले विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इनमें लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका, महिला-नेतृत्व वाला विकास, स्टार्ट-अप इकोसिस्टम, आत्मनिर्भर भारत, सतत विकास, स्मार्ट कृषि, सांस्कृतिक कूटनीति और भविष्य के कार्यबल जैसे मुद्दे शामिल हैं।
आपको बताते चले कि युवाओं पर आधारित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक ट्रैक के तहत भाषण, कहानी लेखन, पेंटिंग, लोक संगीत-नृत्य और नवाचार प्रतियोगिताएं होंगी। ‘डिजाइन फॉर भारत’, ‘टेक फॉर विकसित भारत – हैक फॉर ए सोशल कॉज’ जैसे नए वर्टिकल्स के साथ बिम्सटेक देशों और ‘नो इंडिया’ प्रोग्राम के युवा प्रतिनिधि वैश्विक सहभागिता जोड़ेंगे। इसमें लगभग 3,000 प्रतिभागी विचारों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जीवंत माहौल बनाएंगे।
9 से 12 जनवरी तक के प्रमुख कार्यक्रमः-
- 9 जनवरी: ओरिएंटेशन सत्र, MY भारत स्वयंसेवकों का सम्मान और विजन की रूपरेखा।
- 10 जनवरी: डॉ. मांडविया व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के उद्घाटन सत्र, विषय-आधारित चर्चाएं और प्रदर्शनी।
- 11 जनवरी: इसरो अंतरिक्ष यात्रियों से संवाद, ‘कलर्स ऑफ विकसित भारत’ सांस्कृतिक संध्या।
- 12 जनवरी: पीएम मोदी के साथ संवाद और उच्च-प्रभाव वाली युवा प्रस्तुतियां।
यह संवाद न केवल युवाओं को नीति प्रक्रिया से जोड़ेगा, बल्कि विकसित भारत@2047 की यात्रा में उन्हें सक्रिय साझेदार बनाकर देश के भविष्य को नई दिशा देगा।