नई दिल्ली, 7 अप्रैल (Political Insight)- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री और BJP के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने बड़ा चुनावी बयान देते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को पश्चिम बंगाल में सत्ता मिलती है, तो राज्य में रह रहे घुसपैठियों को चिन्हित कर उन्हें उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा।
दरअसल, असम के करीमगंज जिले के पथारकंडी में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और अवैध घुसपैठ पर रोक लगाना BJP की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके अनुसार, घुसपैठ केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर सख्त कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
कांग्रेस पर भी तीखा हमलाः-
अपने इस संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में घुसपैठियों को संरक्षण दिया, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हुए। शाह ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण इस क्षेत्र की पहचान और संसाधनों पर दबाव बढ़ा है।
उन्होंने अपने इस संबोधन यह भी कहा कि बराक घाटी लंबे समय तक विकास से वंचित रही है। उनके मुताबिक, कांग्रेस सरकारों ने इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को लेकर कोई ठोस काम नहीं किया। शाह ने दावा किया कि BJP सरकार ने असम में संतुलित विकास पर जोर दिया है और हर क्षेत्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
इस चुनावीं रैली के दौरान शाह ने मतदाताओं से BJP को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी सुशासन, सुरक्षा और विकास के एजेंडे पर काम करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार भी BJP के पक्ष में जनादेश देगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले इस तरह के बयान चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं, जहां सुरक्षा और घुसपैठ जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है। आने वाले दिनों में इस बयान पर अन्य राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया भी सामने आ सकती है, जिससे चुनावी बहस और तेज होने की संभावना है।