नई दिल्ली,7 अप्रैल (Political Insight)- असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही इन राज्यों में चुनावी शोर थम जाएगा और मतदाता 9 अप्रैल को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। तीनों ही क्षेत्रों में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा, जिसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आपको बता दे कि असम की 126 विधानसभा सीटों, केरल की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की।
वहीं चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में PM Modi ने असम के बरपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि BJP “जो कहती है, वह करके दिखाती है” और असम में बीते दस वर्षों में शांति और विकास का नया दौर आया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य के हर जिले और क्षेत्र का संतुलित विकास उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
इधर, अन्य राज्यों में भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। तमिलनाडु में एक चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच आज की जा रही है। दोनों राज्यों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उम्मीदवारों को 9 अप्रैल तक अपने नाम वापस लेने का अवसर दिया गया है।
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन राज्यों में भी राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
इन चारों राज्यों और पुद्दुचेरी में डाले गए वोटों की गिनती 4 मई को होगी। चुनाव परिणामों के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस राज्य में किस पार्टी की सरकार बनेगी। फिलहाल सभी दलों की नजरें मतदान प्रतिशत और मतदाताओं के रुझान पर टिकी हैं, जो चुनावी नतीजों की दिशा तय करेंगे।